file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का बड़ा असर: कुम्हड़ई कला की सीसी सड़क जांच के घेरे में, जिला स्तरीय टीम ने किया निरीक्षण

1076 हेल्पलाइन में शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन, सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं जवाबदेह निराकरण का माध्यम बन रही है। इसका ताजा उदाहरण गरियाबंद जिले के देवभोग विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुम्हड़ई कला में देखने को मिला, जहां सीसी सड़क निर्माण में कथित अनियमितता एवं गुणवत्ताहीन कार्य की शिकायत पर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच टीम गठित की।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में ग्राम निवासी चंदन सोनी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद जिला मुख्यालय से पांच सदस्यीय जांच दल देवभोग पहुंचा और मौके पर जाकर निर्माणाधीन एवं निर्मित सीसी सड़क का भौतिक सत्यापन किया।

मौके पर पहुंचकर की गई तकनीकी जांच

जांच टीम ने सड़क निर्माण स्थल का निरीक्षण कर गुणवत्ता, लंबाई, चौड़ाई तथा अन्य तकनीकी मानकों का परीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य से जुड़े दस्तावेजों का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित पक्षों से चर्चा कर शिकायत के विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई।
ग्रामीणों ने जताई संतुष्टि, फिर भी जारी है तकनीकी परीक्षण
जांच के दौरान कई ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण कार्य पर संतोष व्यक्त किया। हालांकि शिकायत की गंभीरता को देखते हुए टीम ने केवल मौखिक जानकारी पर भरोसा न करते हुए तकनीकी माप-जोख की प्रक्रिया भी पूरी की।

क्या बोले जांच अधिकारी नवीन चंद्राकर

जिला पंचायत गरियाबंद के एसडीओ एवं जांच दल के सदस्य नवीन चंद्राकर ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत के आधार पर टीम मौके पर पहुंची है। उन्होंने कहा कि शिकायत के प्रत्येक बिंदु की निष्पक्ष जांच की जा रही है। सड़क का विस्तृत मेजरमेंट लिया गया है और उसके आधार पर प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर सड़क किनारे शोल्डर संबंधी कमियां दिखाई दी हैं, जहां भराई कार्य की आवश्यकता महसूस हुई है। वहीं कुछ अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच जारी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मेजरमेंट एवं तकनीकी परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।

रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

जांच दल द्वारा तैयार प्रतिवेदन मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल में अपलोड किया जाएगा तथा वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपा जाएगा। रिपोर्ट में यदि किसी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता संबंधी कमी सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन बनी आम लोगों की मजबूत आवाज

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से आम नागरिक अपनी शिकायत सीधे शासन तक पहुंचा सकते हैं। कुम्हड़ई कला की यह जांच एक बार फिर दर्शाती है कि हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों पर प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।