file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

देवभोग में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया हिंदू साम्राज्य दिवस, छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य का किया स्मरण


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
 

देवभोग_राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख छह उत्सवों में शामिल हिंदू साम्राज्य दिवस का आयोजन देवभोग खंड में उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एकत्र हुए और छत्रपति शिवाजी महाराज के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर संघ पद्धति से कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम में खंड संघ चालक मनोज रघुवंशी एवं विभाग व्यवस्था प्रमुख तस्मित पात्र की उपस्थिति रही। मुख्य वक्ता जयविलास शर्मा ने छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, राष्ट्रभक्ति, कुशल नेतृत्व और न्यायप्रिय शासन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिवाजी महाराज ने विदेशी आक्रांताओं को चुनौती देकर हिंदवी स्वराज्य की स्थापना की और राष्ट्र स्वाभिमान का नया अध्याय लिखा।

उन्होंने बताया कि ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी के दिन वर्ष 1674 में छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ था। इसी ऐतिहासिक अवसर की स्मृति में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रतिवर्ष हिंदू साम्राज्य दिवस मनाता है, ताकि समाज में आत्मविश्वास, साहस, राष्ट्रभक्ति और संगठन की भावना को सशक्त किया जा सके।

कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने शिवाजी महाराज के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।