एसपी ने जारी किया आदेश, देवभोग, छुरा, मैनपुर, फिंगेश्वर, पाण्डुका और राजिम थानों में नई पदस्थापना

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने बड़े पैमाने पर आरक्षकों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार कुल 60 आरक्षकों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से विभिन्न थानों एवं इकाइयों में अस्थायी रूप से नई पदस्थापना दी गई है।
आदेश के तहत वर्तमान में थाना गरियाबंद में पदस्थ आरक्षकों को जिले के विभिन्न थानों जैसे देवभोग, छुरा, फिंगेश्वर, मैनपुर, पाण्डुका और राजिम में तैनात किया गया है। वहीं कुछ आरक्षकों को यातायात शाखा, नियंत्रण कक्ष, साइबर सेल एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संबद्ध इकाइयों में भी पदस्थ किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर आमद देने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।