file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

उदंती टाइगर रिजर्व की बड़ी कार्रवाई: चीतल का शिकार करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, घर से मिला मांस और शिकार सामग्री


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

मैनपुर_ उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटी पोचिंग टीम ने वन्यजीव संरक्षण के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चीतल के शिकार में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के घरों से चीतल का मांस, खून से सने तीर, फंदे, मयूर एवं बाज के पंख सहित कई शिकार सामग्री बरामद की गई है।

गोपनीय सूचना के आधार पर ग्राम अमाड़ में एंटी पोचिंग टीम, डॉग स्क्वाड और वन विभाग के संयुक्त दल ने नरेश कुमार भुजिया एवं बालाराम सोरी के घरों में तलाशी ली। तलाशी के दौरान चीतल के मांस की सब्जी, चार खून से सने तीर, पांच खरगोश फंदे, सात मयूर पंख, चार बाज पंख, दो धनुष और अन्य शिकार सामग्री जब्त की गई।

पूछताछ में आरोपी नरेश कुमार ने 17 जून को तारीपानी घाट क्षेत्र में तीर-धनुष से चीतल का शिकार करना स्वीकार किया। इसके बाद वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की गई।

जब्त मांस के नमूनों को फॉरेंसिक जांच के लिए जबलपुर भेजा गया है। पूरी कार्रवाई में उदंती टाइगर रिजर्व की एंटी पोचिंग टीम और डॉग स्क्वाड "टीना" की महत्वपूर्ण भूमिका रही।