file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

DAP माफियाओं पर गरियाबंद पुलिस का बड़ा प्रहार: 126 क्विंटल खाद से भरा मेंटाडोर जब्त, ₹8.78 लाख की संपत्ति जप्त

बिना दस्तावेज परिवहन कर रहा था चालक, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ी बड़ी खेप


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_ किसानों के हितों की रक्षा और खाद की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए गरियाबंद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना देवभोग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 126 क्विंटल DAP खाद और एक मेंटाडोर वाहन जप्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग ₹8.78 लाख बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम तेतलखुटी क्षेत्र में एक मेंटाडोर आईसर वाहन (CG 07 CK 3719) के जरिए बड़ी मात्रा में DAP खाद का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और जांच की।
कार्यवाही करते पुलिस कर्मी 
जांच के दौरान वाहन में 280 बोरी DAP खाद बरामद हुई। प्रत्येक बोरी में करीब 45 किलोग्राम खाद भरी थी। इस प्रकार कुल 12,600 किलोग्राम (126 क्विंटल) DAP खाद बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3.78 लाख आंकी गई है।
वाहन चालक युधिष्ठिर दनता (42 वर्ष), निवासी इंदागांव से खाद परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रथम दृष्टया मामला अवैध परिवहन का पाए जाने पर पुलिस ने खाद और वाहन दोनों को जप्त कर लिया। जप्त मेंटाडोर की अनुमानित कीमत ₹5 लाख बताई गई है।

पुलिस ने मामले की सूचना कृषि विभाग को भेज दी है। साथ ही खाद के स्रोत, गंतव्य और इस अवैध परिवहन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गरियाबंद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि खाद, बीज या अन्य कृषि सामग्री के अवैध भंडारण, कालाबाजारी और अवैध परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।