file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति का संदेश लेकर गांव पहुंची देवभोग पुलिस सिनापाली में जनजागरण रैली, ग्रामीणों को बताया—"शराब पीकर वाहन चलाना बन सकता है अंतिम सफर"


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग। सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर देवभोग थाना पुलिस द्वारा ग्राम पंचायत सिनापाली में विशेष जनजागरण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों के साथ जागरूकता रैली निकालकर नशे के दुष्प्रभावों एवं यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।
रैली के दौरान प्रदर्शित जागरूकता पोस्टर में स्पष्ट संदेश दिया गया कि "शराब पीकर गाड़ी चलाना आपकी अंतिम यात्रा साबित हो सकती है।" पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब, हशीश, अफीम, कोकीन एवं अन्य मादक पदार्थ व्यक्ति की सोचने-समझने और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता को प्रभावित करते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

दुर्घटना से पहले संभलना जरूरी

अभियान के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन को भी खतरे में डालता है। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहकर और यातायात नियमों का पालन कर कई दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

कानून की जानकारी भी दी गई

पुलिस टीम ने लोगों को बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना कानूनन अपराध है। इसके लिए जुर्माना और कारावास दोनों का प्रावधान है। लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा समाज को भी जागरूक करें।

जनभागीदारी से सफल हुआ अभियान

रैली में ग्रामीणों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।
पुलिस टीम रही सक्रिय।

इस जागरूकता अभियान में गांव के मुख्य सरपंच थाना से पीएसआई मुकेश बंजारे, प्रधान आरक्षक नेमीचंद पटेल एवं महिला आरक्षक सुषमा तिर्की सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।