52 पत्ती ताश के साथ खेल रहे थे काट पत्ती जुआ, नकदी और ताश जब्त
गरियाबंद_जिले में जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गरियाबंद एवं स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम आमदी स्थित उप जेल के पीछे चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर 8 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश और 8,770 रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम आमदी में उप जेल के पीछे कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर "काट पत्ती" नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी गरियाबंद एवं स्पेशल टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि 8 जुआरियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया गया। मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए जुआरियों के पास एवं सामूहिक फंड से कुल 8,770 रुपये नगद तथा 52 पत्ती ताश बरामद किया गया, जिसे गवाहों की उपस्थिति में जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मिथलेश ध्रुव, राम ध्रुव, तुकाराम ध्रुव, कुलेश्वर ध्रुव, महेश ध्रुव, रूमेश ध्रुव, हेम कुमार ध्रुव एवं हेमलाल दीवान शामिल हैं। सभी आरोपी गरियाबंद क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



