file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

28 जून को सघन पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, गिरसूल आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बच्चों को पिलाई गई जीवनरक्षक दो बूंद

जिले के 830 बूथों पर 91 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य, 29-30 जून को घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम...…


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार 28 जून को विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के अंतर्गत जिले के 830 पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जा रही है। इस अभियान में 91 हजार 115 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है।

इसी क्रम में विकासखंड देवभोग के आयुष्मान आरोग्य मंदिर गिरसूल में भी बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई गई। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुष्मा कंवर ने मितानिनों एवं स्वास्थ्य टीम के साथ बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की तथा अभिभावकों से सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील की।


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 29 एवं 30 जून को मॉप-अप अभियान के तहत स्वास्थ्य टीम घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएगी जो पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच पाए।

अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 1,835 टीम सदस्यों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 36 मोबाइल टीमें दूरस्थ क्षेत्रों में तथा 48 ट्रांजिट टीमें बस स्टैंड, ईंट-भट्ठों, खदानों, छात्रावासों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।