गरियाबंद_ जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती आर. संगीता ने गुरुवार को जिले के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को नगरीय क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण रोकने, अधूरे निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने और जन सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी सचिव ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में स्थित रिक्त सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने पाए। खाली पड़ी जमीनों पर छायादार एवं फलदार पौधों का अधिक से अधिक रोपण करने और सभी पौधों का जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (नगरीय) के तहत अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले हितग्राहियों के विरुद्ध एसडीएम के माध्यम से राजस्व वसूली की कार्रवाई की जाए। साथ ही जिन हितग्राहियों ने अब तक आवास निर्माण के लिए नींव तक नहीं खोदी है, उनके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव ने कहा कि सभी सीएमओ अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें और निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करें। उन्होंने वर्षा ऋतु से पहले नाली निर्माण एवं अधूरी परियोजनाओं को पूर्ण करने, नाली अतिक्रमण हटाने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो।
बैठक में रेन वाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था को मजबूत करने और जिले के सभी वाटर बॉडी का जियो-टैगिंग कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर, अपर संचालक श्री पुलक भट्टाचार्य, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शशांक पाण्डेय, संयुक्त संचालक श्री एस.के. सुंदरानी तथा सीएमओ श्रीमती संध्या वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



