image-6446f70f-2

शिक्षकों की कमी से जूझ रहा आत्मानंद स्कूल ध्रुवागुड़ी, पालकों का फूटा गुस्सा; 7 दिन में समाधान नहीं तो उग्र आंदोलन

विद्यालय में रिक्त पदों से प्रभावित हो रही पढ़ाई, शाला प्रबंधन समिति और पालकों ने अपर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज़ डेस्क गरियाबंद

गरियाबंद_ जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी/अंग्रेजी विद्यालय, ध्रुवागुड़ी में शिक्षकों की कमी को लेकर पालकों और शाला प्रबंधन समिति का आक्रोश खुलकर सामने आया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में पालक, जनप्रतिनिधि और समिति के सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में तत्काल शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय में कई विषयों के शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण कक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा है, जिससे बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

पालकों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाए अथवा वैकल्पिक व्यवस्था कर बच्चों की पढ़ाई को नियमित बनाया जाए। साथ ही विद्यालय के नए भवन में जल्द अध्ययन कार्य प्रारंभ कराने की मांग भी रखी गई है।

7 दिन का अल्टीमेटम, नहीं मानी मांग तो सड़क पर उतरेंगे पालक

शाला प्रबंधन समिति ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई, तो पालक और विद्यार्थी सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

अपर कलेक्टर ने दिया आश्वासन

इस मामले में अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे ने कहा कि शिक्षकों की कमी का विषय शासन स्तर का है। पालकों और समिति का ज्ञापन प्राप्त हो गया है। शासन को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया जाएगा और जल्द समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।