गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार चल रही पुलिस कार्रवाई से गांजा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। लगातार मिल रही सटीक मुखबिरी, अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर कड़ी निगरानी और सघन वाहन चेकिंग के चलते एक के बाद एक गांजा तस्करी के बड़े मामले सामने आ रहे हैं।
इसी कड़ी में दिनांक 24 मई 2026 को थाना देवभोग पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट नाका ग्राम खुटगांव के पास एमसीपी चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 130 किलो 160 ग्राम अवैध गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन को जप्त किया गया। मामले में एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस लगातार आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक UP 64 CT 5613 को रोककर पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम राहुल पाण्डेय पिता चन्द्र भूषण पाण्डेय उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम पारो लौवडीह तहसील मोहमदाबाद युशुपुर थाना भंवरकोल जिला गाजीपुर उत्तरप्रदेश बताया।

संदेह होने पर गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में रखी 06 सफेद प्लास्टिक बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। जप्त गांजा का कुल वजन लगभग 130 किलो 160 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹65,08,000/- रुपए बताई गई है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन की कीमत लगभग ₹5,50,000/- रुपए आंकी गई। इस तरह कुल जप्ती मूल्य लगभग ₹70,58,000/- रुपए है।

पूछताछ में आरोपी ने गांजा को ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ मिलने पर पुलिस द्वारा मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए गांजा को जप्त कर सीलबंद किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना देवभोग में धारा 20(b)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।