file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

लोकतांत्रिक चुनाव में शेषनारायण सोनवानी बने गाड़ा समाज के नए अध्यक्ष 4 वोटों के रोमांचक मुकाबले में प्रेमलाल नागेश को दी मात, सचिव और कोषाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_ देवभोग विकासखंड गाड़ा समाज के इतिहास में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। पहली बार समाज में पूरी तरह लोकतांत्रिक पद्धति से अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न कराया गया। चुनाव प्रक्रिया को लेकर समाज में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में शेषनारायण सोनवानी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी प्रेमलाल नागेश को मात्र 4 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।

वहीं सचिव पद पर यशवंत बघेल तथा कोषाध्यक्ष पद पर पूर्व सैनिक डीगम्बर स्वर्ण निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव परिणाम सामने आते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और विजेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।

84 गांवों के मतदाताओं ने किया मतदान

समाज द्वारा गठित 10 सदस्यीय चुनाव समिति की देखरेख में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। चुनाव समिति की जिम्मेदारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवनाथ बघेल को सौंपी गई थी। समिति ने नामांकन, प्रचार-प्रसार और मतदान तक की सभी प्रक्रियाओं को लोकतांत्रिक ढंग से पूरा कराया। देवभोग ब्लॉक के 84 गांवों में ग्राम अध्यक्ष एवं सचिवों का गठन कर उन्हें मतदाता बनाया गया था। करीब दो से तीन महीने चली इस प्रक्रिया के बाद कुल 164 मतदाता तय किए गए, जिनमें से 159 मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया, जबकि 5 मतदाता अनुपस्थित रहे।

अध्यक्ष पद के लिए मिले मत
शेषनारायण सोनवानी — 60 वोट
प्रेमलाल नागेश — 56 वोट
मुरलीधर नेताम — 40 वोट
वेणु डोंगरे — 3 वोट

इस तरह शेषनारायण सोनवानी ने 4 मतों के अंतर से जीत हासिल कर विकासखंड गाड़ा समाज के अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

“यह सम्मान नहीं, समाज सेवा का अवसर” — शेषनारायण सोनवानी

अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद शेषनारायण सोनवानी ने समाजजनों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान से अधिक समाज सेवा का अवसर है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान समाज के उत्थान को लेकर जो 11 संकल्प लिए गए हैं, उन्हें पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए जमीन स्तर पर कार्य किया जाएगा ताकि समाज का हर वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।

समाज को नई ऊंचाई तक ले जाने का संकल्प

निर्विरोध चुने गए सचिव यशवंत बघेल ने कहा कि समाज ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।
वहीं कोषाध्यक्ष बने पूर्व सैनिक डीगम्बर स्वर्ण ने कहा कि जिस तरह उन्होंने देश सेवा को अपना कर्तव्य माना, उसी तरह अब समाज सेवा के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे। उन्होंने समाज के आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाने तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता लाने को अपनी प्राथमिकता बताया।