गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_ जिले के पाण्डुका थाना क्षेत्र स्थित कूकदा पिकअप वियर रविवार को उस वक्त चीख-पुकार से गूंज उठा, जब रायपुर से पिकनिक मनाने पहुंचे युवक-युवती की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोस्तों के सामने ही दोनों गहरे पानी में समा गए। मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के शंकर नगर इलाके से चार युवक-युवतियां कार में सवार होकर कूकदा पिकअप वियर घूमने पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान सभी पानी के पास नहाने गए। इसी दौरान 22 वर्षीय सिंपी सक्सेना और 30 वर्षीय पीयूष मंडल अचानक गहरे हिस्से में चले गए। देखते ही देखते दोनों पानी में डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की अधिक गहराई और बहाव के चलते वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पाण्डुका पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान रायपुर निवासी सिंपी सक्सेना (22 वर्ष) और पीयूष मंडल (30 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया।
गरियाबंद एसडीओपी निशा सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नहाने के दौरान दोनों युवक-युवती गहरे पानी में चले गए थे, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। मामले की जांच जारी है।

