गरियाबंद_ जिले में एग्रीस्टेक परियोजना के अंतर्गत किसानों के पंजीयन कार्य को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। कलेक्टर श्री बीएस उइके के निर्देश पर देवभोग सहित सभी तहसीलों में समितियों का गठन कर अधिकारियों की ड्यूटी तय कर दी गई है।
देवभोग तहसील में 26 मई से 10 जून 2026 तक रेगहा, अधिया, ग्राम नौकर, शासकीय पट्टेदार, संस्था, ट्रस्ट, वन अधिकार पट्टा एवं असर्वेक्षित वन ग्राम के किसानों का पंजीयन किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
देवभोग तहसील में राजस्व विभाग के लिए एसडीएम रामसिंह शोरी एवं तहसीलदार अजय चंद्रवंशी को जिम्मेदारी दी गई है। कृषि विभाग का कार्य कृषि विकास अधिकारी कोपेश्वर गजेन्द्र संभालेंगे, जबकि सहकारिता विभाग के लिए सहकारिता विस्तार अधिकारी झंसकेतन सोनवानी को नियुक्त किया गया है।
समझिए क्या है एग्रीस्टैक पोर्टल
एग्रीस्टैक पोर्टल भारत सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र के लिए तैयार किया गया एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों का एकीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार करना है, जिसमें किसान की पहचान, भूमि रिकॉर्ड, फसल विवरण, आय, ऋण और बीमा संबंधी जानकारी दर्ज रहती है।
इस पोर्टल के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं, सब्सिडी, फसल बीमा, कृषि ऋण और अन्य सुविधाओं का लाभ तेजी और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। एग्रीस्टैक के जरिए खेती से जुड़ी सेवाओं को डिजिटल रूप से जोड़कर किसानों तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन ने किसानों से समय पर पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। साथ ही मैदानी अमलों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।