file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

देवेंद्र ठाकुर ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का जताया आभार: खरीफ सीजन में किसानों को पर्याप्त डीजल मिलने से खेती को मिलेगी नई रफ्तार

भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री बोले-सरकार की किसान हितैषी पहल से जुताई, बोवाई और सिंचाई कार्य होंगे आसान


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को खेती-किसानी कार्यों के लिए पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने के फैसले का भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री देवेंद्र ठाकुर ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया है।

देवेंद्र ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार किसानों के हित में संवेदनशील निर्णय ले रही है। खरीफ सीजन के दौरान खेतों की जुताई, बोवाई और सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण कार्य समय पर हो सकें, इसके लिए किसानों को पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने का निर्णय बेहद सराहनीय और राहत देने वाला कदम है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसान ट्रैक्टर, पंप और अन्य कृषि उपकरणों के लिए डीजल पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में ड्रम और जरीकेन में डीजल उपलब्ध कराने में दी गई आवश्यक छूट किसानों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी। इससे दूरस्थ गांवों और खेतों तक ईंधन पहुंचाना आसान होगा और खेती के कार्य बिना किसी बाधा के पूरे हो सकेंगे।

गरियाबंद जिले के किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस फैसले से गरियाबंद जिले के देवभोग, अमलीपदर, मैनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। समय पर डीजल उपलब्ध होने से खेती की तैयारी में तेजी आएगी और किसान मौसम के अनुसार समय पर बोवाई कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल केवल डीजल उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों की मेहनत और उनकी जरूरतों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इससे किसानों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और कृषि उत्पादन में भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

किसान हित में लगातार फैसले ले रही सरकार

भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री देवेंद्र ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की हर समस्या और जरूरत को गंभीरता से समझ रही है। आने वाले समय में भी किसान हित में इसी तरह के सकारात्मक और राहत देने वाले निर्णय लिए जाते रहेंगे।

उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे खरीफ सीजन की तैयारियां समय पर पूरी करें और शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।