देवभोग_ जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवभोग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 109 बल्क लीटर महुआ शराब जब्त की है। दो दिनों तक चली अलग-अलग रेड कार्रवाई में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना देवभोग क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 15 और 16 मार्च 2026 को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर ओडिशा प्रांत से लाई गई महुआ शराब और देशी कच्ची शराब को जब्त किया गया।
पहली कार्रवाई में ललीन्द्र कश्यप को तेल नदी पुल के पास से 40 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं बुटुराम यादव के पास से 9 लीटर, तरूण डोंगरे के पास से 6 लीटर शराब जब्त की गई।
इसी तरह गुरजीभाठा क्षेत्र में टंकेश्वर यादव और मोहन ध्रुव के कब्जे से 15-15 लीटर देशी कच्ची शराब बरामद की गई। वहीं बेरूराम हंसराज को जोरिंगपाड़ा पहाड़ी के पास से 25 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत करीब 17,500 रुपए बताई गई है।
इसके अलावा पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की। नाबालिग चालकों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस का संदेश:
देवभोग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।










