Top News

NH-130C पर भीषण सड़क हादसा: जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप बाल-बाल बचे, सामने से आई पिकअप ने इनोवा को मारी टक्कर

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_नेशनल हाईवे 130-C पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि वे अपनी इनोवा वाहन से निज निवास से राजधानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजापड़ाव से पहले हाईवे के मोड़ पर गरियाबंद की ओर से आ रही मालवाहक पिकअप ने सामने से उनकी इनोवा को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप और उनके साथ मौजूद लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना जुगाड़ और मैनपुर थाना क्षेत्र के बीच घटित होने की जानकारी है। हादसे की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

40 किलोमीटर का हाईवे बना हादसों का खतरा

दरअसल, नेशनल हाईवे 130-C पर झरियाबाहरा से ध्रुवागुड़ी के बीच करीब 40 किलोमीटर का हिस्सा अभ्यारण्य क्षेत्र में आता है। इस इलाके में लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण का काम नहीं हो पा रहा है। संकरे मोड़, लगातार बारिश और बढ़ता यातायात इस मार्ग को हादसों के लिए बेहद संवेदनशील बना रहे हैं।

बरसात के पूरे मौसम में इस करीब 40 किलोमीटर के हिस्से में आए दिन सड़क हादसों की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क की स्थिति और संकरे हिस्सों के कारण वाहन चालकों को मोड़ों पर खासा जोखिम उठाना पड़ता है।

एक महीने पहले रेंजर और चालक की गई थी जान

इसी हाईवे पर करीब एक माह पहले भी दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें देवभोग रेंजर और उनके चालक की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क चौड़ीकरण को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल जिला पंचायत अध्यक्ष के हादसे में सुरक्षित होने की सूचना है। पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है।

Previous Post Next Post