मिलाप सिंह ध्रुवा और पत्नी मंजुला की मौत; अमलीपदर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
मैनपुर_गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत भेजीपदर के अड़ारपारा में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। यहां एक युवक और उसकी पत्नी ने कुछ घंटे के अंतराल में आत्महत्या कर ली। दोनों की पहचान मिलाप सिंह ध्रुवा (27) और उनकी पत्नी मंजुला ध्रुवा (25) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मिलाप सिंह ने पहले आत्महत्या की। बताया जा रहा है कि इसके कुछ घंटे बाद उनकी पत्नी मंजुला ने भी यह कदम उठा लिया। घटना रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है।
दोनों पति-पत्नी गांव से बाहर खेती क्षेत्र में बने मकान में रहते थे। बताया गया है कि दोनों की लव मैरिज वर्ष 2026 में हुई थी। परिजनों के अनुसार मिलाप पहले भी कई बार आत्महत्या जैसा कदम उठाने की कोशिश कर चुका था।
घटना की सूचना मिलने के बाद अमलीपदर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने वाहन से अस्पताल ले गई। शवों का पोस्टमार्टम अभी नहीं हुआ है। पुलिस द्वारा सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराए जाने की बात कही गई है। बताया गया है कि मिलाप के पिता का वर्ष 2018 में निधन हो चुका है और परिवार में उनकी मां ही हैं। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।





