Top News

गरियाबंद में नशे पर बड़ी चोट: 34 मामलों में जब्त 560 किलो से अधिक गांजा और 190 नशीली टैबलेट का नष्टीकरण


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए विभिन्न प्रकरणों में जब्त भारी मात्रा में मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण कराया। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 34 मामलों में जब्त कुल 560.680 किलो गांजा तथा 2 प्रकरणों में बरामद 190 नशीली टैबलेट को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।

पुलिस प्रशासन की देखरेख में यह पूरी कार्यवाही रायपुर स्थित जायसवाल निको स्टील पावर प्लांट के फर्नेस में संपन्न हुई, जहां जब्त मादक पदार्थों को जलाकर पूरी तरह नष्ट किया गया। नष्टीकरण की प्रक्रिया के दौरान केंद्रीय गृह मंत्रालय, नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो और पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से भी आवश्यक अनुमति ली गई थी।

जिला औषधि निपटारा समिति गरियाबंद की उपस्थिति में यह कार्यवाही संपन्न हुई। समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल तथा सदस्य जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। समाज में तेजी से फैल रही नशे की प्रवृत्ति को रोकने और युवाओं को इससे दूर रखने के लिए पुलिस द्वारा अभियान लगातार जारी रहेगा।

Previous Post Next Post