गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर दक्षिण दिशा में स्थित थाना शोभा अंतर्गत जंगल क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख नक्सली दैनिक उपयोग की सामग्री छोड़कर घने जंगल व पहाड़ियों का सहारा लेकर फरार हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में ई-30 जिला पुलिस गरियाबंद, 207 कोबरा, 65 एवं 211 बटालियन सीआरपीएफ की संयुक्त टीम द्वारा नक्सल विरोधी विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान स्थानीय आसूचना के आधार पर जानकारी मिली कि शासन द्वारा प्रतिबंधित माओवादी संगठन (धमतरी–गरियाबंद–नुआपाड़ा डिवीजन) के 08 से 10 सशस्त्र माओवादी शोभा थाना क्षेत्र के जंगलों में मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही संयुक्त पुलिस पार्टी सर्चिंग अभियान पर रवाना हुई। दिनांक 05 जनवरी 2026 की शाम, शोभा क्षेत्र के जंगल में पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को जान से मारने तथा हथियार लूटने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों द्वारा तत्काल संतुलित एवं प्रभावी जवाबी कार्रवाई की गई।
सुरक्षा बलों को भारी पड़ता देख माओवादी अपना सामान मौके पर छोड़कर अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी जंगलों का लाभ उठाते हुए भाग निकले। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया, जिसमें नक्सलियों द्वारा छोड़ी गई भारी मात्रा में दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद कर मौके पर ही नष्ट की गई।
फिलहाल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है तथा सुरक्षाबलों द्वारा हर संभावित ठिकाने पर नजर रखी जा रही है।
इस अवसर पर गरियाबंद पुलिस ने जिले में सक्रिय समस्त माओवादियों से आत्मसमर्पण की अपील करते हुए कहा है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को शासन की पुनर्वास नीति का पूरा लाभ दिया जाएगा।
आत्मसमर्पण हेतु संपर्क करें:
नक्सल सेल, गरियाबंद – 94792-27805











