IMG-20251013-WA0049

दारू पीकर ड्राइविंग पर सीधा वार: लाइसेंस निरस्त, अब नियम तोड़ना पड़ेगा भारी गरियाबंद में सख्ती बढ़ी, ट्रैफिक उल्लंघन पर चालान सीधे घर पहुंचेगा

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

जिले में सड़क सुरक्षा और नशा नियंत्रण को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। कलेक्टर श्री बी.एस. उईके और पुलिस अधीक्षक श्री नीरज चंद्राकर ने समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। ऐसे मामलों में चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तत्काल निरस्त किए जाएंगे।

अब चालान पहुंचेगा सीधे घर
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई और तेज करते हुए अब चालान सीधे उनके घर तक भेजने की व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि लोग नियमों के प्रति अधिक सजग रहें।

सीमा क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी
उड़ीसा सीमा से लगे होने के कारण अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की आशंका को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष चेक पोस्ट लगाकर निगरानी बढ़ाने और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सड़कों पर मवेशियों से हादसों पर चिंता
सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों से बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन ने विशेष अभियान चलाने, जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पशुओं को हटाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के निर्देश दिए हैं।

“नो हेलमेट, नो पेट्रोल” पर जोर
बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सख्ती बढ़ाने के साथ ही “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” नियम लागू करने पर जोर दिया गया है।

नशे के खिलाफ अभियान तेज
दवा दुकानों में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाने, उल्लंघन करने वालों पर सीलिंग कार्रवाई करने और नशा मुक्ति केंद्रों की व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

संदेश साफ है—अब नियम तोड़ना भारी पड़ेगा, प्रशासन पूरी सख्ती के साथ मैदान में है।