Top News

देवभोग क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात: नई 108 संजीवनी एम्बुलेंस से अब 30 मिनट में मिलेगी आपातकालीन सेवा

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद

देवभोग_छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 31 मार्च 2026 को स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 370 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस का शुभारंभ किया गया है। इस पहल के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग को भी नई एम्बुलेंस की सुविधा मिली है, जिससे पूरे क्षेत्र में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की पहुंच और अधिक तेज व प्रभावी हो जाएगी। नई 108 एम्बुलेंस सेवा का मुख्य उद्देश्य प्रसव पीड़ा, सड़क दुर्घटना या किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को सुरक्षित एवं समय पर अस्पताल तक पहुंचाना है।


आधुनिक सुविधाओं से लैस इन एम्बुलेंस में प्रशिक्षित इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) की तैनाती की गई है, जो रास्ते में ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हैं। सरकार की नई व्यवस्था के तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में महज 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है और साल के 365 दिन, 24 घंटे संचालित रहेगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग में नई एम्बुलेंस मिलने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। अब दूरस्थ गांवों के लोगों को आपात स्थिति में समय पर बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश साहू ने कहा कि, “देवभोग क्षेत्र में नई 108 एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार आएगा। यह एम्बुलेंस अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जिससे मरीजों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यह सेवा बेहद लाभकारी साबित होगी।”

इस अवसर पर डॉ. अभिनव श्रीवास, डॉ. रोशन कंचन, तुजेंद्र दीवान, मनोज ठाकुर, सीताराम टंडन, ईएमटी ओम साहू, ड्राइवर केश कुमार, ड्राइवर जीवन लाल नागेश तथा ईएमटी लीलाधर सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। नई एम्बुलेंस सेवा के शुरू होने से देवभोग सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Previous Post Next Post