गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद – जिला गरियाबंद में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार चंद्राकर के स्थानांतरण होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में एक ससम्मान विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं कार्यालयीन अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एएसपी श्री चंद्राकर के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके कुशल नेतृत्व, अनुशासनप्रिय कार्यशैली एवं जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया।
अपने कार्यकाल के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्राकर ने कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था सुधार, जनसंपर्क बढ़ाने तथा पुलिस-जन समन्वय को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके मार्गदर्शन में पुलिस प्रशासन ने कई चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया।
विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर द्वारा उन्हें स्मृति-चिन्ह भेंट कर उज्ज्वल भविष्य एवं नवीन पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्राकर ने जिले में कार्यरत समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए गरियाबंद जिले के प्रति अपने स्नेह एवं आत्मीयता को साझा किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।










