गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_ छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम में गरियाबंद जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। कक्षा 12वीं में जिले ने 92.89 प्रतिशत परिणाम के साथ राज्य में 5वां स्थान प्राप्त किया, वहीं कक्षा 10वीं में 84.16 प्रतिशत परिणाम के साथ 14वां स्थान हासिल किया।
जिला प्रशासन की नवाचारी पहल “गौरव गरियाबंद” अभियान के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। पिछले वर्ष की तुलना में कक्षा 12वीं में 3 प्रतिशत और कक्षा 10वीं में 4 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो जिले के शैक्षिक सुधार की दिशा में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
परिणाम का संक्षिप्त आंकड़ा
कक्षा 12वीं में 5,506 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 5,473 परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 5,076 विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। पास प्रतिशत 92.89 रहा।
कक्षा 10वीं में 7,408 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 7,287 शामिल हुए, जिनमें से 6,113 विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे और पास प्रतिशत 84.16 दर्ज किया गया।
टॉपर विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, अनुशासन और मोबाइल-सोशल मीडिया से दूरी को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतरता और समय प्रबंधन ही सफलता की कुंजी है।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए जल जीवन अभियान के अंतर्गत सभी को शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जगजीत सिंह धीर सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अभिभावक एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।











