गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में चिकित्सा प्रकोष्ठ के नवनियुक्त प्रदेश संयोजक डॉ. देवेंद्र कश्यप एवं प्रदेश सहसंयोजक डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी के पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन भव्य एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महासमुंद की लोकप्रिय सांसद दीदी रूप कुमारी चौधरी, प्रदेश महामंत्री श्री नवीन मार्कंडेय, सीजी एमएससी अध्यक्ष श्री दीपक मसके, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री अशोक बजाज, चिकित्सा प्रकोष्ठ के वरिष्ठ मार्गदर्शक डॉ. जे.पी. शर्मा सहित प्रदेश एवं सभी जिलों से पधारे चिकित्सा प्रकोष्ठ के चिकित्सक प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. मनीष कुमार सिन्हा ने नवनियुक्त प्रदेश संयोजक डॉ. देवेंद्र कश्यप को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व क्षमता, संगठन के प्रति समर्पण एवं जनसेवा की भावना की सराहना की।
डॉ. सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. देवेंद्र कश्यप का अनुभव, दूरदर्शी सोच और संगठनात्मक कौशल चिकित्सा प्रकोष्ठ को नई दिशा एवं नई ऊर्जा प्रदान करेगा तथा उनके नेतृत्व में चिकित्सा प्रकोष्ठ भाजपा की सेवा और समर्पण की परंपरा को और अधिक सशक्त बनाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. कश्यप के नेतृत्व में चिकित्सा प्रकोष्ठ न केवल संगठनात्मक रूप से मजबूत होगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में जनकल्याण के कार्यों को भी व्यापक स्तर पर गति मिलेगी।
समारोह के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सेवा, सुशासन और समर्पण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। डॉ मनीष सिन्हा ने बताया कि हमारे प्रदेश में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य से जुड़ी क्षेत्रीय समस्याओ से निजात एवं समस्या का उचित निवारण होगा । यह हमारे क्षेत्र के बड़े ही हर्ष का विषय है। हमारा कार्य सेवा और समर्पण है जिस ध्येय से हम कार्य करते हैं l डॉ मनीष सिन्हा ने चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ देवेन्द्र कश्यप और सहसंयोजक डॉ उत्कर्ष त्रिवेदी जी को बधाई दी।











