गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। अमलीपदर तहसील अंतर्गत ग्राम बंधियामाल चेक पोस्ट पर हुई गंभीर लापरवाही के मामले में ग्राम कुशकोना के कोटवार श्री खेमराज सोनवानी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, वहीं नगर सैनिक श्री बोधन कंवर को जिला सेनानी कार्यालय गरियाबंद वापस भेज दिया गया है।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान सीमावर्ती राज्यों से अवैध रूप से समर्थन मूल्य पर धान लाकर जिले के उपार्जन केंद्रों में विक्रय की आशंका को देखते हुए चेक पोस्ट पर पुलिस विभाग के माध्यम से कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। एसडीओ (राजस्व) एवं एसडीएम मैनपुर के आदेशानुसार नगर सैनिक और कोटवार की ड्यूटी लगाई गई थी।
18 जनवरी 2026 को सामने आई खबरों में आरोप लगाया गया कि 13-14 जनवरी की मध्य रात्रि 11 से 1 बजे के बीच कोटवार द्वारा कथित रूप से पैसे लेकर अवैध धान से भरे वाहन को चेक पोस्ट से पार कराया गया। समाचार में रिकॉर्डेड बातचीत के अंश भी प्रकाशित हुए थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार अमलीपदर द्वारा कोटवार को कथन हेतु बुलाया गया, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। जांच में छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 230 के उल्लंघन की पुष्टि होने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की घटनाएं कर्तव्य में लापरवाही और जिम्मेदारियों के उल्लंघन को दर्शाती हैं। अवैध धान परिवहन के मामलों में आगे भी सख्त निगरानी और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।










