गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
रायपुर_प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का आगामी संस्करण छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए विशेष रूप से यादगार होने जा रहा है। रविवार, 25 जनवरी को राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागृह में प्रदेश भर से आए 2000 किसान कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण करेंगे।
यह आयोजन भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसका सीधा प्रसारण डीडी नेशनल चैनल के माध्यम से किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे होगी।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री देवेंद्र ठाकुर (देवभोग) ने मीडिया से चर्चा में बताया कि यह आयोजन किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में संपन्न होगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए किसानों के साथ-साथ भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के नेता, किसान मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
‘मन की बात’ के श्रवण के पश्चात ‘विकसित भारत – ग्राम जी राम जी’ विषय पर आयोजित सम्मेलन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव मुख्य वक्ता के रूप में किसानों को संबोधित करेंगे।
यह आयोजन किसानों को प्रधानमंत्री के विचारों से सीधे जोड़ने और विकसित भारत के संकल्प को ग्राम स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।











