गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_गरियाबंद पुलिस द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विश्वास बहाली एवं जनसंपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से “संवाद” कार्यक्रम के अंतर्गत थाना मैनपुर क्षेत्र के घोर नक्सल प्रभावित ग्राम अमली एवं राजाडेरा में कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
ग्रामीणों से सीधा संवाद, समस्याओं को जाना
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर अपनी टीम के साथ ग्रामीणों के बीच पहुंचे और चौपाल में बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था, स्वास्थ्य, सड़क, परिवहन एवं रोजगार से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया।
बच्चों के भविष्य पर चर्चा, शिक्षा के लिए किया प्रेरित
पुलिस अधीक्षक द्वारा ग्राम अमली एवं राजाडेरा के बच्चों से पढ़ाई-लिखाई को लेकर संवाद किया गया तथा अभिभावकों को बच्चों को नियमित स्कूल भेजने एवं बेहतर शिक्षा देने हेतु प्रेरित किया गया।इस अवसर पर बच्चों को स्कूल बैग, पाठ्य सामग्री, चप्पल एवं कंबल वितरित किए गए।
बुजुर्गों और महिलाओं को वितरित की गई आवश्यक सामग्री
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकार निभाते हुए बुजुर्ग जनों को लूंगी, तथा महिलाओं को साड़ियां वितरित की गईं, जिससे ग्रामीणों में पुलिस के प्रति सकारात्मक भावना देखने को मिली।
नक्सलवाद पर खुलकर हुई चर्चा
ग्रामीणों से नक्सलवाद के प्रभाव एवं वर्तमान गतिविधियों के संबंध में चर्चा की गई। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सल प्रभाव लगातार कम हो रहा है और अब शांति का माहौल बन रहा है, जिससे सामान्य जीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है।
सड़क, स्वास्थ्य व रोजगार की प्रमुख समस्याएं सामने आईं
ग्रामीणों ने बताया कि छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी मैनपुर तक जाना पड़ता है। पक्की सड़क नहीं होने के कारण बरसात के मौसम में अस्पताल पहुंचना बेहद कठिन हो जाता है। साथ ही क्षेत्र में बांस शिल्पकारों की संख्या अधिक होने के बावजूद पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा नहीं होने से बड़े बाजारों तक पहुंच नहीं बन पा रही है, जिससे उत्पादों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा।
समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं को संबंधित विभागों एवं अधिकारियों तक शीघ्र पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नक्सल मुक्त हो रहे क्षेत्रों के विकास हेतु पुलिस की ओर से हर संभव सहयोग एवं पहल की जाएगी।










