गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एंटी पोचिंग टीम और गरियाबंद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शिकार में लिप्त तीन शिकारियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से भरमार बंदूकें, जंगली सूअर का मांस और शिकार में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है।
सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
परिस्थितिक दक्षिण उदंती (कोर) क्षेत्र में गश्त के दौरान एंटी पोचिंग टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध हथियारों के साथ शिकार के उद्देश्य से जंगल में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया।
जंगली सूअर का शिकार कर ले जा रहे थे आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जंगल में भरमार बंदूक से जंगली सूअर का शिकार किया था। शिकार किए गए जंगली सूअर को काटकर प्लास्टिक बोरी में भरकर गांव ले जाया जा रहा था, तभी टीम ने दबिश देकर आरोपियों को धर दबोचा।
हथियार और शिकार सामग्री बरामद
आरोपियों के कब्जे से तीन भरमार बंदूक, जंगली सूअर का मांस, कुल्हाड़ी, चाकू, रस्सी और अन्य शिकार सामग्री जब्त की गई है। एक आरोपी पूर्व में भी अवैध शिकार के मामले में जेल जा चुका है।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज
मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। न्यायालय के आदेशानुसार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
वन विभाग के अनुसार इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में आगे भी अवैध शिकार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











