गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
देवभोग_श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या धाम में विराजमान श्री रामलला के दर्शन हेतु देवभोग से 10 श्रद्धालुओं का जत्था आज श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ रवाना हुआ। इस अवसर पर जनपद पंचायत देवभोग के उपाध्यक्ष श्री सुधीर कुमार अग्रवाल ने जनपद पंचायत परिसर में दर्शनार्थियों को गुलाल लगाकर एवं पुष्पहार पहनाकर शुभकामनाएं दीं तथा उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दर्शनार्थियों को रायपुर लेकर जाने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
छत्तीसगढ़ सरकार की श्री रामलला दर्शन योजना बनी श्रद्धालुओं का सहारा_
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए श्री रामलला दर्शन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या धाम जाने एवं लौटने, ठहरने, चाय-नाश्ता एवं भोजन सहित समस्त व्यवस्थाएं शासन द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में आज देवभोग क्षेत्र से श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम भेजा गया।
“सरकार ने हमारा सपना साकार किया” – श्रद्धालु मोहनचंद पटेल_
अयोध्या जाने वाले श्रद्धालु श्री मोहनचंद पटेल, निवासी मुंगझर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने हम सबके श्री रामलला दर्शन के सपने को साकार किया है। शासन की मदद से अयोध्या जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, इसके लिए हम सभी आभारी हैं। वहीं श्रद्धालु श्री शर्मा ने भी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आम जनमानस के लिए एक बड़ी सौगात है।
“पूर्वज भी नहीं जा सके अयोध्या, अब हमें मिला सौभाग्य”_
देवभोग क्षेत्र के ग्राम खुटगांव निवासी श्रद्धालु ने भावुक होते हुए बताया कि उनके परिवार में उनके पूर्वजों में से कोई भी आज तक अयोध्या धाम नहीं जा सका था।उन्होंने कहा कि शासन के सहयोग से श्री रामलला के दर्शन का अवसर मिलना हमारे लिए गर्व और खुशी की बात है। यात्रा, भोजन और ठहरने की निःशुल्क व्यवस्था से श्रद्धालुओं पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
श्रद्धा, आस्था और सरकार की पहल का सुंदर संगम_
श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार आस्था और सेवा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। देवभोग से रवाना हुए श्रद्धालुओं के चेहरे पर खुशी और भक्ति भाव साफ झलक रहा था।











