IMG-20251013-WA0049

स्वास्थ्य से शिक्षा तक देवेंद्र ठाकुर की पहल – देवभोग को मिल रहे विकास के तोहफ़े

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_ लंबे समय से उपेक्षित स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं के लिए देवभोग ब्लॉक की आवाज़ अब सरकार तक पहुँच रही है। जनपद सदस्य एवं भाजपा नेता देवेन्द्र सिंह ठाकुर ने हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव से मुलाक़ात कर क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सामने रखा।

अस्पताल की मांग पर बड़ी राहत_

देवेंद्र ठाकुर ने स्वास्थ्य मंत्री से देवभोग मुख्यालय में 100 बिस्तर अस्पताल की मांग की। उन्होंने बताया कि देवभोग ब्लॉक के अंतर्गत लगभग 96 गांव आते हैं और हजारों की आबादी गंभीर स्वास्थ्य संकट से जूझ रही है। मरीजों को इलाज के लिए 120 किलोमीटर गरियाबंद या 220 किलोमीटर रायपुर तक ले जाना पड़ता है।

ठाकुर ने कहा –

“देवभोग जैसे बड़े ब्लॉक के लिए 100 बिस्तर अस्पताल की स्वीकृति मिलना जनता के लिए जीवनदान से कम नहीं होगा।”

उनकी इस मांग पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि फिलहाल देवभोग में 50 बिस्तर अस्पताल की स्वीकृति दी जाएगी। इस संबंध में विभागीय सचिव को पत्र फॉरवर्ड कर कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।

ठाकुर ने मंत्री जी का आभार जताते हुए कहा –

“भले ही 50 बिस्तर अस्पताल से शुरुआत हो रही है, लेकिन यह देवभोग की जनता के लिए बड़ी राहत है। आने वाले समय में इसे 100 बिस्तर तक विस्तार कराने का प्रयास जारी रहेगा।”

शिक्षा व्यवस्था पर भी पहल_

इसके साथ ही देवेंद्र ठाकुर ने शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव से मुलाक़ात कर क्षेत्र के स्कूलों में अतिरिक्त बाउंड्री वॉल और नए भवन की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में बाउंड्री अधूरी है, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। वहीं कई स्कूलों में छात्रों की संख्या बढ़ने के बावजूद भवनों की कमी है, जिसके चलते कक्षाओं का संचालन कठिनाई से हो रहा है।

ठाकुर ने मंत्री से आग्रह किया कि –

“विद्यालयों में बाउंड्री वॉल और भवन की स्वीकृति मिलना छात्रों के लिए सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराएगा।”

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने और प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही का भरोसा दिया।

जनता ने जताया आभार

स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों मोर्चों पर देवेंद्र ठाकुर की इस पहल का स्वागत किया। लोगों का कहना है कि अस्पताल और विद्यालय भवन बनने से न केवल स्वास्थ्य और शिक्षा के स्तर में सुधार होगा, बल्कि पूरे ब्लॉक के विकास को नई दिशा मिलेगी।