एनएच-130सी पर रेस्ट हाउस के पास नाकाबंदी कर पकड़ा गया आरोपी, बाइक समेत 6.10 लाख रुपए का माल जब्त
गरियाबंद/मैनपुर_अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मैनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 किलो 238 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 6 लाख 10 हजार रुपए है। पुलिस के मुताबिक 6 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के देवभोग-झरियाबहरा की ओर से एक युवक मोटरसाइकिल में गांजा लेकर मैनपुर की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर मैनपुर थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित की।
इसके बाद पुलिस टीम ने एनएच-130सी स्थित मैनपुर रेस्ट हाउस के पास घेराबंदी और नाकाबंदी की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए और मोटरसाइकिल के आधार पर एक युवक को रोककर पूछताछ की गई।पूछताछ में युवक ने अपना नाम रोहित बैरवा पिता नंदकिशोर बैरवा, उम्र 20 वर्ष, निवासी प्रेमनगर अफोर्डेबल आवासीय योजना, थाना उद्योगनगर, जिला कोटा, राजस्थान बताया।
पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल होंडा शाइन क्रमांक RJ 20 BN 9588 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पेट्रोल टंकी के ऊपर रखे टील ब्लू रंग के बैग के अंदर खाकी टेप और सफेद कपड़े में पैक किया हुआ गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर गांजे की मात्रा 10 किलो 238 ग्राम निकली।पुलिस ने गांजा करीब 5 लाख रुपए और मोटरसाइकिल करीब 1 लाख 10 हजार रुपए, कुल 6 लाख 10 हजार रुपए का माल जब्त किया है।मामले में मैनपुर थाने में अपराध क्रमांक 120/26 के तहत धारा 20(B) NDPS एक्ट में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में मैनपुर थाना के सउनि नकूल सिंह सिदार, सउनि पवन कुमार सिन्हा, प्रआर. कपूरचंद नेताम, आरक्षक यादराम पटेल, मुरारी यादव, प्रमोद तिकी, अश्वनी कुमार ध्रुव, कोमल धृतलहरे सहित सायबर सेल गरियाबंद की टीम की सराहनीय भूमिका रही।


