Top News

GARIYABAND BREAKING: रेलिंग विहीन पुल बना हादसे का सबब! सीमेंट से भरा ट्रक पुल के नीचे गिरा, बाल-बाल बची ड्राइवर की जान

फिंगेश्वर-महासमुंद राज्य मार्ग पर भेंडरी के पास बड़ा हादसा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

AI जनरेट फोटो 
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_ जिले में फिंगेश्वर–महासमुंद राज्य मार्ग पर भेंडरी के पास एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां पुल में रेलिंग नहीं होने के कारण सीमेंट से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक की जान बाल-बाल बच गई।

बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब सीमेंट से भरा ट्रक मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। पुल के पास पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित हुआ और रेलिंग के अभाव में सीधे पुल के नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रेलिंग होती तो शायद टल सकता था हादसा

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुल पर लंबे समय से सुरक्षा के लिहाज से रेलिंग की जरूरत महसूस की जा रही है। पुल के दोनों ओर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन चालकों के लिए यहां खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव के कारण पुल के आसपास की मिट्टी भी लगातार कटाव की चपेट में आ रही है। इससे पुल के आसपास का हिस्सा खोखला होने की स्थिति में पहुंच रहा है, जिससे आने वाले दिनों में हादसे का खतरा और बढ़ सकता है।

स्कूली बच्चों की जान भी जोखिम में

सबसे गंभीर चिंता की बात यह है कि इसी मुख्य मार्ग से रोजाना स्कूली बच्चे भी आवागमन करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुल पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण बच्चों को भी जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ता है।

एक तरफ भारी वाहनों की आवाजाही और दूसरी तरफ पुल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का अभाव स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

ग्रामीणों में आक्रोश, रेलिंग लगाने की मांग

हादसे के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पुल का तत्काल निरीक्षण कराने, पानी के बहाव से हो रहे कटाव को रोकने और पुल पर मजबूत सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि किसी बड़े हादसे या जनहानि का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को समय रहते सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए।

फिलहाल हादसे में चालक के सुरक्षित बच जाने से बड़ी जनहानि टल गई, लेकिन घटना ने पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Previous Post Next Post