Top News

MAINPUR BREKING जंगल में शिकार की तैयारी, वन विभाग ने दबोचे 2 आरोपी! 3 मृत जंगली मुर्गे और 53 फीट लंबा फंदा बरामद

इंदागांव धुरवागुड़ी बफर क्षेत्र में वन विभाग की कार्रवाई, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद 14 दिन की रिमांड पर भेजा गया जेल


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_ उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के इंदागांव (धुरवागुड़ी) बफर क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध शिकार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने उनके कब्जे से 3 मृत जंगली मुर्गे और तार से बना करीब 53 फीट लंबा फंदा बरामद किया है।

गोपनीय सूचना पर जंगल में घेराबंदी

वन विभाग को गोपनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति वनक्षेत्र में अवैध शिकार के उद्देश्य से प्रवेश करने वाले हैं। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद उनके निर्देश पर इंदागांव (धुरवागुड़ी) बफर क्षेत्र के वन अमले की टीम गठित की गई।

टीम ने ग्राम डुमाघाट के समीप फरसरा बीट के कक्ष क्रमांक 1213 में घेराबंदी कर सघन गश्त शुरू की। इसी दौरान जंगल के भीतर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया।

झोले में मिले 3 मृत जंगली मुर्गे

पूछताछ में दोनों ने अपना नाम हलधर पिता छोटा गोंड़ और दिलेर पिता जलधर गोंड़, निवासी ग्राम डुमाघाट बताया। तलाशी के दौरान उनके पास रखे सफेद प्लास्टिक के थैले से बने झोले की जांच की गई, जिसमें 3 जंगली मुर्गे मृत अवस्था में पाए गए।

इसके अलावा टीम ने तार से निर्मित करीब 53 फीट लंबा फंदा भी बरामद किया। वन विभाग के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने जंगल में फंदा लगाकर जंगली मुर्गी (झार कुकरी) का शिकार करने की बात स्वीकार की।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

घटनास्थल से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वन परिक्षेत्र कार्यालय इंदागांव लाया गया। अपराध स्वीकार किए जाने के बाद वन विभाग ने पीओआर प्रकरण क्रमांक 17/424 दर्ज किया और वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की।

दोनों आरोपियों को प्रथम श्रेणी न्यायालय देवभोग के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपियों को 14 दिन की रिमांड पर जिला जेल गरियाबंद में दाखिल कराया गया है।

अवैध शिकार के खिलाफ कार्रवाई जारी

वन विभाग ने बताया कि उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध शिकार, अवैध कटाई और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने भविष्य में भी वन्यजीव अपराधों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदागांव (धुरवागुड़ी) बफर सुशील कुमार सागर, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी राकेश सिंह परिहार, विवेचना अधिकारी भूपेन्द्र कुमार सोनी सहित रोहित कमरो, रुस्तम यादव, पुनीत राम ध्रुव, देवीसिंग यादव, तुलाराम नेताम और गिरधारी बिसी सहित वन अमले की सराहनीय भूमिका रही।

Previous Post Next Post