Top News

भाजपा नेताओं ने पीएम आवास हितग्राहियों को बांटे दीप, 17 सितंबर को घर-घर दीप जलाने का किया आव्हान; देवभोग में नुआखाई पर्व की भी दी शुभकामनाएं


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

देवभोग_प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाने भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पीएम मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम को जनांदोलन का रूप देने भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मैदान में उतर गए हैं।

इसी क्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, मंत्री सुरेन्द्र सोनटेके, डॉ. मनीष सिन्हा, मंडल अध्यक्षद्वय भगवानो बेहरा और जगमोहन पटेल, सहित रितेश यादव ने पीएम आवास योजना के हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें दीप वितरित किए।

हर घर रोशन हो, मोदी के नाम आशीर्वाद का दीप जले

भाजपा नेताओं ने पीएम आवास हितग्राहियों से आव्हान किया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर हर घर में एक दीप जलाकर ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम को जनभागीदारी का रूप दें। नेताओं ने कहा कि यह दीप केवल रोशनी का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के प्रति जनता के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद का प्रतीक बनेगा।

पीएम आवास योजना के माध्यम से पक्के मकान का सपना पूरा होने वाले परिवारों के घरों में दीप जलाने की अपील को भाजपा ने ‘घर-घर मोदी, घर-घर रोशनी’ जैसे जनसरोकार से जोड़ने की कोशिश की है।

नुआखाई की खुशियों के बीच सेवा संकल्प का संदेश

वहीं देवभोग क्षेत्र में नई फसल के स्वागत और प्रकृति के उपहार के प्रति कृतज्ञता के पावन पर्व नुआखाई को लेकर भी भाजपा नेताओं ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने कहा कि नुआखाई केवल नई फसल के स्वागत का पर्व नहीं, बल्कि किसान, प्रकृति और हमारी सांस्कृतिक परंपराओं के बीच गहरे रिश्ते का प्रतीक है।

एक ओर नई फसल के प्रति कृतज्ञता और दूसरी ओर सेवा एवं संकल्प का संदेश—इन दोनों भावनाओं के साथ भाजपा ने 17 सितंबर के कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है।

भाजपा का लक्ष्य-कार्यक्रम नहीं, बने जनअभियान

भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीप’ महज एक कार्यक्रम बनकर न रह जाए, बल्कि प्रत्येक परिवार की सहभागिता से इसे जनांदोलन का स्वरूप मिले। इसी उद्देश्य से पीएम आवास हितग्राहियों तक पहुंचकर दीप वितरित किए जा रहे हैं और लोगों से अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने का आग्रह किया जा रहा है।

भाजपा की इस पहल से अब 17 सितंबर की शाम देवभोग क्षेत्र में घर-घर दीप जलाने की तैयारी जोर पकड़ती नजर आ रही है।

Previous Post Next Post