मैनपुर से 2 किमी दूर हुआ हादसा, डायल-112 ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, दो जिला अस्पताल रेफर
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद जिले में नेशनल हाईवे-130सी पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को मैनपुर से करीब दो किलोमीटर दूर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मैनपुर थाना की डायल-112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आरक्षक नरेश निषाद और चालक प्रकाश निषाद ने घायल तीनों लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनपुर पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि एक घायल का उपचार मैनपुर अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे-130सी पर यातायात नियमों के कड़ाई से पालन कराने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

