Ad Code

IMG-20260708-WA0068

उरमाल में रथयात्रा के बीच बड़ा हादसा: बारिश से जर्जर होटल की दीवार-खपर भरभराकर गिरी, 9 से अधिक लोग घायल

डॉक्टर पांडे बोले-एक व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी में चोट, बाकी घायलों का प्राथमिक उपचार कर किया गया डिस्चार्ज

AI जनरेट फोटो 

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_रथयात्रा पर्व के दौरान लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच उरमाल बाजार में बड़ा हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए लोग बाजार स्थित ईंट-खपरे से बने एक पुराने होटल में शरण लिए हुए थे। इसी दौरान लगातार बारिश से कमजोर हो चुका भवन अचानक भरभराकर ढह गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय होटल के अंदर और आसपास 9 से अधिक लोग मौजूद थे। मलबा गिरते ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उरमाल पहुंचाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उरमाल के डॉक्टर पांडे ने बताया कि एक व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है, जिसे एक्स-रे के लिए भेजा गया है। शेष सभी घायलों को सामान्य चोटें आई थीं, जिनका प्राथमिक उपचार कर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घायलों में रोहित सिन्हा (28 वर्ष, ग्राम धोरकोट), प्रीतिवास (उरमाल), तिलेश्वर सोनवानी (बेहरामुड़ा), होरेंद्र सिंह मरकाम, उड़ीसा के बेहरामुड़ा निवासी एक व्यक्ति, दो वर्षीय एक बच्ची, चार वर्षीय एक बच्ची सहित अन्य लोग शामिल हैं।घटना के बाद बाजार में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।