गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_किसान पोर्टल पर शिकायत के बाद कृषि विभाग ने खाद की कालाबाजारी और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छुरा के बलराम कृषि फार्म और कोपरा के काजल कृषि फार्म में कृषि उर्वरक निरीक्षक की टीम ने दबिश देकर कुल 1624 बोरी रासायनिक खाद, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये है, जब्त की है। दोनों मामलों में उर्वरक गुणवत्ता नियंत्रक आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष पेश किया गया है।
कार्रवाई कृषि उपसंचालक चंदन राय के नेतृत्व में उर्वरक निरीक्षक कोपेश्वर गजेंद्र की टीम ने की। टीम ने छुरा स्थित बलराम कृषि फार्म से 665 बोरी यूरिया जब्त की। बताया गया कि किसान ने सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर निर्धारित दर से अधिक कीमत में यूरिया बेचे जाने की जानकारी दी थी। शिकायत के बाद विभाग ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए संचालक से लिखित लेकर छोड़ दिया था, लेकिन इसके बावजूद बिक्री के तरीके में सुधार नहीं हुआ। विभाग की टीम संचालक पर लगातार नजर बनाए हुए थी और दोबारा अधिक कीमत पर खाद बेचते पाए जाने पर 665 बोरी खाद जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया।
इसी तरह कोपरा के काजल कृषि फार्म में भी मनमानी कीमत पर खाद बेचने की शिकायत मिल रही थी। टीम ने दबिश दी तो यूरिया और डीएपी निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेचना पाया गया। कार्रवाई के दौरान संचालक को अधिक कीमत पर खाद की बिक्री का बिल काटते हुए पकड़ा गया। इसके बाद टीम ने मौके से 959 बोरी रासायनिक खाद जब्त कर प्रकरण दर्ज किया।
कृषि विभाग की इस कार्रवाई से खाद की कालाबाजारी और मनमाने दाम पर बिक्री करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों से निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
कृषि उपसंचालक चंदन राय ने दोनों कार्रवाई की पुष्टि करते हुए किसानों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित कीमत पर ही खाद की खरीदी करें। यदि कोई विक्रेता निर्धारित दर से अधिक कीमत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें।


