Top News

झाड़ियों से अचानक निकला भालू, 45 वर्षीय जनार्दन मांझी पर टूट पड़ा...चेहरे पर ताबड़तोड़ पंजों के वार, दोनों आंखों के ऊपर गहरे जख्म; कालीमाटी में दहशत



गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

देवभोग_सुबह का वक्त था। 45 वर्षीय जनार्दन मांझी रोज की तरह शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन निरगिरी पलटा के पास अचानक सामने आए भालू ने उन पर हमला कर दिया। कुछ ही पलों में भालू ने दनारदन को बुरी तरह घायल कर दिया। हमले में उनके चेहरे पर पंजे और नाखूनों के गहरे जख्म हो गए।

सबसे गंभीर चोट दोनों आंखों के ठीक ऊपर लगी है। भालू के पंजे और नाखून लगने से यह हिस्सा बुरी तरह जख्मी हो गया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। अचानक हुए इस हमले से दनारदन की जान पर बन आई थी।

घायल की पहचान जनार्दन मांझी (45 वर्ष), निवासी ग्राम कालीमाटी, पंचायत बुडघेलटप्पा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे वे ध्रुवागुड़ी पेट्रोल पंप के पास स्थित निरगिरी पलटा में शौच के लिए गए थे। इसी दौरान भालू ने अचानक हमला कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और घायल दनारदन को उपचार के लिए सुबह करीब 8 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।

बीएमओ प्रकाश साहू ने बताया कि भालू के हमले में दनारदन के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। दोनों आंखों के ऊपर पंजे और नाखून लगने से गहरे जख्म हुए हैं। फिलहाल घायल का उपचार जारी है।

हमले के बाद दहशत में ग्रामीण

इस घटना के बाद आसपास के गांवों में भालू की मौजूदगी को लेकर दहशत का माहौल है। जिस इलाके में लोग सुबह के समय रोजमर्रा के काम के लिए निकलते हैं, वहीं भालू के अचानक हमले ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने तथा भालू की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

Previous Post Next Post