जुलूस में दिखा उत्साह, सभी ने मांगी अमन-चैन की दुआ
देवभोग_पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला जश्ने ईद मिलादुन्नबी (ईद-ए-मिलाद) का त्योहार 26 अगस्त 2026 को पूरे भारत और दुनिया भर में अकीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर देवभोग क्षेत्र में बुधवार को मुस्लिम समुदाय का पवित्र पर्व ईद मिलादुन्नबी धूमधाम, उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर देवभोग मुस्लिम समाज द्वारा नगर में जश्ने जुलूस निकाला गया, जिसमें बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जुलूस में शामिल लोग हाथों में इस्लामी झंडों के साथ देश की आन, बान और शान का प्रतीक तिरंगा झंडा भी लिए हुए थे। पूरे दिन क्षेत्र में धार्मिक उत्साह, आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल बना रहा।
जुलूस निकालने से पहले कई स्थानों पर फातिहा-खानी का आयोजन किया गया। इसके बाद "सरकार की आमद मरहबा" के नारों और धार्मिक संदेशों के साथ जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा। बड़ी संख्या में लोगों ने जुलूस में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बाबा साहब के अनुयायियों ने पेश की आपसी भाईचारे की मिसाल_
जुलूस के अंबेडकर चौक पहुंचने के बाद समाज के प्रतिनिधियों द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की पूजा-अर्चना कर उन्हें नमन किया गया। जुलूस के अंबेडकर चौक पहुंचते ही बाबा साहब के अनुयायियों द्वारा जुलूस में शामिल लोगों के लिए शर्बत और स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और एकता की मिसाल देखने को मिली।
इस अवसर पर बाबा साहब के अनुयायी टेकलाल प्रधान, तरुण नागेश, मिथलेश, परस प्रधान, शिवा रात्रे, हाजी अब्दुल नासिर खान, फिरोज खान, मोहम्मद अनवर खान, असलम मेमन, अख्तर खान, सलीम खान समेत बड़ी संख्या में बाबा साहब के अनुयायी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही पूरी तरह मुस्तैद_
पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरे जुलूस के दौरान पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया। देवभोग नगर क्षेत्र की मस्जिद से गांधी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर थाना प्रभारी फैजूल होदा शाह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार गश्त करती रही। पुलिस टीम जश्ने जुलूस के साथ-साथ चल रही थी और पूरे मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए मुस्तैद रही। पुलिस की लगातार गश्त और सक्रिय उपस्थिति के कारण जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। त्योहार के दौरान क्षेत्र में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल बना रहा।






