ई-साक्ष्य संकलन, ई-साइन और डिजिटल जांच प्रणाली को मिलेगा बढ़ावा, आधुनिक तकनीक से लैस होंगे विवेचक
गरियाबंद_बदलते दौर के अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने और जांच प्रक्रिया को अधिक आधुनिक, पारदर्शी तथा त्वरित बनाने की दिशा में गरियाबंद पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ 72 विवेचकों को आधुनिक स्मार्टफोन वितरित किए गए। इन स्मार्टफोन के माध्यम से अब पुलिस मौके पर ही डिजिटल साक्ष्यों का संकलन कर सकेगी, जिससे आपराधिक मामलों की विवेचना में तेजी आने के साथ-साथ साक्ष्यों की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
स्मार्टफोन वितरण के साथ दिया गया विशेष प्रशिक्षण
स्मार्टफोन वितरण के बाद विवेचकों के लिए समीक्षा बैठक एवं विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में आधुनिक डिजिटल पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई, ताकि विवेचक नई तकनीकों का प्रभावी उपयोग कर सकें।
इन विषयों पर दिया गया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान ई-साक्ष्य (E-Evidence) के सुरक्षित संकलन, ई-साइन के माध्यम से एफआईआर और न्यायालयीन दस्तावेजों पर डिजिटल हस्ताक्षर, चार्जशीट के डिजिटल प्रमाणीकरण तथा समाधान ऐप के जरिए शिकायतों के त्वरित निराकरण और पुलिस सेवाओं के संचालन की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।
अपराध जांच होगी और अधिक मजबूत
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधों की प्रकृति तेजी से बदल रही है। ऐसे में पुलिस को भी आधुनिक तकनीक से लैस होना आवश्यक है। अब विवेचक घटनास्थल पर ही डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर सकेंगे, जिससे अदालत में मामलों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में आसानी होगी। साथ ही कागजी कार्रवाई में लगने वाले समय की बचत होगी और जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा दक्षता बढ़ेगी।
गरियाबंद पुलिस की यह पहल डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे जिले में अपराधों की विवेचना पहले की तुलना में अधिक तेज, सटीक और प्रभावी हो सकेगी।







