बाइक के उड़े परखच्चे, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
गरियाबंद जिले के पाण्डुका थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरकड़ा के पास सोमवार दोपहर करीब 1 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान गैंद विश्वकर्मा (19 वर्ष), पिता लोकेश विश्वकर्मा, निवासी ग्राम रजनकटा के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक तिजेश्वर साहू (19 वर्ष), पिता हेमूराम साहू, निवासी रजनकटा बताया गया है।
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, पुलिस जांच में जुटी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे को अंजाम देने वाला वाहन अज्ञात है। घटनास्थल पर सड़क पर बड़े-बड़े टायरों के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि किसी कार, ट्रक या हाइवा ने बाइक को टक्कर मारी होगी। हालांकि, दुर्घटना किस वाहन से हुई, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पाण्डुका थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर चुकी है। घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



