file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

गरियाबंद में खाद तस्करी पर शिकंजा कसने की मांग अवैध कारोबारियों में मची हलचल! आयुक्त कृषि को भेजा गया शिकायत पत्र, हाई लेवल जांच और वाहन राजसात की उठी मांग

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_देवभोग, अमलीपदर एवं मैनपुर क्षेत्र में ओडिशा से अवैध रूप से डीएपी खाद की तस्करी और कालाबाजारी के कथित मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संबंध में कृषि आयुक्त कृषि विभाग, संचालनालय कृषि को लिखित शिकायत भेजकर पूरे नेटवर्क की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को राजसात (Confiscate) करने की मांग की गई है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि हाल ही में पुलिस ने एक मिनी ट्रक से बड़ी मात्रा में डीएपी खाद जब्त की थी। आरोप है कि खाद बिना वैध दस्तावेजों के लाई जा रही थी और किसानों को निर्धारित मूल्य के बजाय अधिक कीमत पर बेची जा रही थी।

सिर्फ एक ट्रक नहीं, पूरे नेटवर्क की जांच की मांग

आवेदन में कहा गया है कि मामला केवल एक वाहन तक सीमित नहीं हो सकता। इसलिए इस कथित तस्करी और कालाबाजारी से जुड़े सभी व्यापारियों, बिचौलियों और यदि किसी अधिकारी-कर्मचारी की भूमिका हो तो उसकी भी निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

वाहन राजसात करने की भी मांग

शिकायतकर्ता ने मांग की है कि तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन को नियमानुसार राजसात किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लग सके।

प्रशासन के अगले कदम पर टिकी निगाहें

अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि कृषि विभाग और प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं। यदि उच्च स्तरीय जांच होती है, तो पूरे मामले में और भी अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।