Top News

गरियाबंद में नशे के कारोबारियों की अब खैर नहीं! हाईवे ढाबों, मेडिकल स्टोर्स और जंगलों तक चलेगा प्रशासन का शिकंजा

एनकॉर्ड समिति की बैठक में कलेक्टर बीएस उइके के सख्त निर्देश, अवैध शराब, नशीली दवाओं और गांजा खेती पर भी रहेगी पैनी नजर


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय नारकोटिक्स कॉर्डिनेशन (एनकॉर्ड) समिति की मासिक बैठक में अवैध मादक पदार्थों, नशीली दवाओं और अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

हाईवे ढाबों और मेडिकल स्टोर्स पर होगी सघन जांच

कलेक्टर ने आबकारी विभाग को हाईवे किनारे स्थित ढाबों एवं संदिग्ध स्थानों पर आकस्मिक जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही बिना नियमों के नशीली एवं शेड्यूल दवाओं की बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोर्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। जिन मेडिकल स्टोर्स में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

वन क्षेत्रों में गांजा खेती और तस्करी पर रहेगी पैनी नजर

बैठक में कलेक्टर ने वन विभाग और संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया कि वनोपज जांच नाकों पर नियमित सघन जांच की जाए तथा दूरस्थ वन क्षेत्रों में गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती पर लगातार निगरानी रखी जाए। अवैध परिवहन और खेती के मामलों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

स्कूल-कॉलेजों के आसपास नो-टोबैको जोन पर सख्ती

कलेक्टर ने शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में घोषित नो-टोबैको जोन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए तथा कोटपा अधिनियम के तहत नियमित कार्रवाई जारी रहे।

नशामुक्ति अभियान को मिलेगा नया विस्तार

बैठक में समाज कल्याण, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से नशे के आदी लोगों की पहचान कर उन्हें नशामुक्ति केंद्रों तक पहुंचाने, जागरूकता अभियान चलाने तथा स्कूलों और कॉलेजों में नशामुक्ति की शपथ दिलाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाएगा।

हेल्पलाइन नंबरों का होगा व्यापक प्रचार

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नशामुक्त भारत अभियान हेल्पलाइन 14446, मानस नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 तथा जिला पुलिस व्हाट्सएप हेल्पलाइन 94792-25884 का ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से भी नशामुक्ति संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे।

कलेक्टर का संदेश

कलेक्टर बीएस उइके ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करें और नशामुक्त गरियाबंद के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।


Previous Post Next Post