मदांगमुंडा के पास हुई दुर्घटना, डायल-112 की तत्परता से घायल को पहुंचाया गया अस्पताल
![]() |
| AI जनरेट फोटो |
देवभोग_देवभोग क्षेत्र में शुक्रवार को रथयात्रा पर्व के दौरान एक सड़क दुर्घटना हो गई। गोहरापदर और ध्रुवागुड़ी के बीच मदांगमुंडा के पास NH-130C पर बाइक और साइकिल की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना लगभग 40 मिनट पहले की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल की पहचान बलू साहू (लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वे नगरी क्षेत्र से अपने व्यवसाय के सिलसिले में गोहरापदर सामान खरीदने आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही साइकिल से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया, जबकि साइकिल सवार सुरक्षित बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक सहायता देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, देवभोग पहुंचाया। अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
बीएमओ प्रकाश साहू ने बताया कि घायल के आंख के ऊपर गंभीर चोट लगी है तथा पैर में फ्रैक्चर की आशंका है। प्राथमिक उपचार के बाद आवश्यक जांच की जा रही है, जिसके बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आज रथयात्रा पर्व होने के कारण क्षेत्र में श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रही। ऐसे में NH-130C पर भी लगातार यातायात बना रहा। इसी बीच यह दुर्घटना हो गई। हालांकि दुर्घटना का कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-130C पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की आवश्यकता है।
छत्तीसगढ़ न्यूज की अपील
त्योहारों के दौरान सड़कों पर भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। कृपया वाहन धीमी गति से चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें। आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।




