गरियाबंद_ उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR) अंतर्गत देवधारा जलप्रपात की ओर जाने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने विशेष सतर्कता अभियान चलाया। इस दौरान वन अमले ने मार्ग से गुजर रहे पर्यटकों को हाथियों की संभावित आवाजाही को लेकर जागरूक किया और सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएफओ वरुण जैन के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने पर्यटकों से अपील की कि वे वन क्षेत्र में प्रवेश के दौरान पूरी सावधानी बरतें। विशेष रूप से मेदुपहिया मार्ग से गुजरने वाले चारपहिया और दोपहिया वाहन चालक धीमी गति से वाहन चलाएं तथा अनावश्यक रूप से वाहन रोकने या जंगल के भीतर जाने से बचें।
वन विभाग ने पर्यटकों को समझाइश दी कि यदि मार्ग में हाथियों का झुंड दिखाई दे तो सुरक्षित दूरी बनाए रखें, किसी भी प्रकार का शोर न करें, हॉर्न बजाने या हाथियों के नजदीक जाने का प्रयास न करें तथा वन कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।
डीएफओ ने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा वन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पर्यटक सावधानी और जिम्मेदारी के साथ यात्रा करें, ताकि वे प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद भी ले सकें और किसी भी अप्रिय घटना से सुरक्षित भी रहें।


