ध्रुवागुड़ी और बुढ़गेलटप्पा के बीच माकड़ी जंगल के पास ट्रक से भिड़ी वन विभाग की सरकारी बोलेरो
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
देवभोग_ गरियाबंद जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-130C पर ध्रुवागुड़ी और बुढ़गेलटप्पा के बीच मांकड़ी जंगल के पास बुधवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में देवभोग वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) अश्वनी दास मुरचुलिया की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वन विभाग की सरकारी बोलेरो गरियाबंद मुख्यालय से देवभोग लौट रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से बोलेरो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में वाहन में सवार 10 लोग इसकी चपेट में आ गए। रेंजर अश्वनी दास मुरचुलिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बीएमओ डॉ. प्रकाश साहू ने रेंजर अश्वनी दास मुरचुलिया को मृत घोषित किया।
कई घायलों की हालत गंभीर
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, हादसे में घायल कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। किसी का पैर टूट गया, किसी का हाथ गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि एक घायल के दांत भी टूट गए हैं। वाहन चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं और बताया जा रहा है कि वह फिलहाल बातचीत करने की स्थिति में नहीं है। चिकित्सकों की टीम सभी घायलों का इलाज कर रही है और गंभीर रूप से घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू कर घायलों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग-130C पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रक और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




