Top News

रथयात्रा के दिन गरियाबंद में हादसों की झड़ी! उसरीजोर में दो महिलाओं को टक्कर मारने के बाद अमलीपदर में पलटी तेज रफ्तार बाइक, 3 घंटे में तीन बड़े सड़क हादसे

आयुष ढाबा के सामने श्मशान घाट के पास गंभीर हादसा, 23 वर्षीय युवक घायल; देवभोग और मदांगमुंडा के पास भी हुई एक्सीडेंट

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_रथयात्रा पर्व के बीच शुक्रवार को गरियाबंद जिले में कुछ ही घंटों के भीतर लगातार तीन सड़क दुर्घटनाएं हुईं। सबसे गंभीर हादसा अमलीपदर में सामने आया, जहां तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से 23 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक पहले उसरीजोर क्षेत्र में सड़क किनारे चल रही दो महिलाओं को टक्कर मारते हुए आगे निकल गया। इसके बाद तेज रफ्तार में भागते समय अमलीपदर स्थित आयुष ढाबा के सामने श्मशान घाट के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के समय युवक बाइक पर अकेला सवार था। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के ईएमटी मनीष कुमार साहू एवं पायलट उपेंद्र यादव तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर पहुंचाकर समय पर उपचार शुरू कराया। उनकी त्वरित कार्यवाही की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

तीन घंटे में तीन सड़क हादसे

इससे पहले सियारलटी पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में नरेश यादव घायल हो गए थे। उन्हें डायल-112 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना में उनके साथ बाइक पर सवार एक अन्य युवक को मामूली चोटें आईं।

वहीं, करीब तीन घंटे पहले गोहरापदर-ध्रुवागुड़ी मार्ग पर मदांगमुंडा के पास बाइक और साइकिल की टक्कर में नगरी निवासी 50 वर्षीय बलू साहू घायल हो गए थे। उन्हें भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग में भर्ती कर उपचार किया गया।

तीनों घटनाओं में राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन एक ही दिन में लगातार हुई तीन सड़क दुर्घटनाओं ने जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रथयात्रा पर्व के चलते जिलेभर में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही रही। प्रमुख मार्गों पर दिनभर वाहनों का दबाव बना रहा। ऐसे में प्रशासन ने भी वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।

छत्तीसगढ़ न्यूज की अपील

त्योहार की खुशियां तभी पूरी होंगी, जब आप सुरक्षित घर लौटेंगे। तेज रफ्तार से बचें, हेलमेट अवश्य पहनें, यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। एक छोटी-सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है।

Previous Post Next Post