Top News

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह? दो बाइकों की भिड़ंत में युवक घायल, अस्पताल में भर्ती

सियारलटी पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क, गरियाबंद

देवभोग_ देवभोग थाना क्षेत्र के सियारलटी पेट्रोल पंप के पास रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार दो युवकों में से एक युवक घायल हो गया, जबकि दूसरे को मामूली चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान नरेश यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जांगड़ा का निवासी बताया जा रहा है। वह अपने साथी के साथ बाइक से देवभोग से जांगड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल नरेश यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, देवभोग पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं उनके साथी को मामूली चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार दिया गया।

घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

छत्तीसगढ़ न्यूज की अपील

सड़क पर वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट अवश्य पहनें और ओवरटेक करते समय विशेष सावधानी बरतें। आपकी सतर्कता ही सुरक्षित यात्रा की सबसे बड़ी गारंटी है।

Previous Post Next Post