स्कूल बसों की सुरक्षा जांच में फिटनेस प्रमाणपत्र और अग्निशमन यंत्र मिले एक्सपायर, संयुक्त अभियान में नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई।
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गरियाबंद पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से निजी स्कूल बसों और नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में शहर के विभिन्न मार्गों और निजी स्कूलों में हुई इस कार्रवाई के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाली बसों और नाबालिग चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम ने श्रद्धा पब्लिक स्कूल, द्रोणाचार्य पब्लिक स्कूल और एंग्लो एंजल्स पब्लिक स्कूल की कुल 18 स्कूल बसों की गहन जांच की। जांच के दौरान 6 बसों में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया, जिनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
निरीक्षण में कई बसों का फिटनेस सर्टिफिकेट समाप्त मिला, जबकि कुछ बसों में लगे अग्निशमन यंत्र भी एक्सपायर पाए गए। इन गंभीर खामियों पर आरटीओ अधिकारियों ने मौके पर ही जुर्माना लगाया।
अभियान के दौरान सड़क पर वाहन चलाते हुए 7 नाबालिग स्कूली छात्र भी पकड़े गए। यातायात पुलिस ने सभी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पालकों को भी सख्त हिदायत दी।
गरियाबंद पुलिस और परिवहन विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधन से स्कूल बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने के लिए न दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह का संयुक्त जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








